Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-07

National News: इंडिगो संकट जारी, कई फ्लाइट आज भी रद्द, यात्रियों की परेशानी बढ़ी, DGCA सख्त हुआ

National News: इंडिगो फ्लाइट संकट पांचवें दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को भी देश के कई एयरपोर्ट से बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी की खबर हैं. अचानक बिगड़े हालात का सीधा असर यात्रियों पर पड़ा है और एयरपोर्ट पर अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला है. इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा है. वहीं DGCA ने स्थिति की समीक्षा के लिए चार सदस्यों की एक कमेटी बना दी है.

हालात को समान्य करने के लिए कोशिश जारी है
एयरलाइन का कहना है कि हालात को पटरी पर लाने की कोशिशें लगातार जारी हैं. इंडिगो के प्रवक्ता के मुताबिक फ्लाइट के रद्द होने और देरी की समस्या सामने आते ही बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग बुलाई गई थी. मैनेजमेंट ने संकट की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी. इसके बाद सिर्फ बोर्ड सदस्यों के लिए एक सत्र हुआ जिसमें एक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाने पर सहमति बनी. इस समूह में चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता, बोर्ड डायरेक्टर्स ग्रेग सारेत्स्की, माइक व्हिटेकर, अमिताभ कांत और सीईओ पीटर एल्बर्स शामिल किए गए. यह टीम लगातार अपडेट ले रही है और संचालन सामान्य करने के लिए उपायों पर काम चल रहा है.

हैदराबाद में 69 फ्लाईट रद्द
कई बड़े एयरपोर्ट पर रद्द उड़ानों की संख्या काफी अधिक रही. हैदराबाद एयरपोर्ट पर 69 प्लान्ड कैंसिलेशन दर्ज हुए जिनमें 26 आने वाली और 43 जाने वाली उड़ानें शामिल थीं. दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की 86 फ्लाइट रद्द की गईं. इनमें 49 आने वाली और 37 जाने वाली उड़ानें थीं. अहमदाबाद में भी 35 जाने वाली और 24 आने वाली उड़ानें कैंसिल सूची में रहीं. कोलकाता एयरपोर्ट पर भी दिन भर की तय उड़ानों में से 41 रद्द करनी पड़ी. सुबह नौ बजे तक केवल कुछ ही उड़ानें मूवमेंट में दर्ज की गईं.

DGCA ने किया 4 सदस्यों की एक कमेटी का गठन 
स्थिति को गंभीर देखते हुए DGCA ने चार सदस्यों की एक कमेटी बना दी है. यह कमेटी क्रू प्लानिंग, ऑपरेशनल तैयारी और नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम नियमों के पालन जैसे पहलुओं की जांच करेगी ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था दोबारा न हो. राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि मंत्रालय यात्रियों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के सभी कदम उठा रहा है.

असम में गुवाहाटी एयरपोर्ट और मुंबई एयरपोर्ट से भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं जहां यात्री घंटों तक फंसे दिखाई दिए. कई लोग सामान के साथ थके हुए बैठे रहे और समय पर न पहुंच पाने से नाराज नजर आए.

कैंसिल बुकिंग पर सभी रिफंड होगा ऑटोमैटिक
इंडिगो ने यात्रियों को राहत देने के लिए कहा है कि कैंसिल बुकिंग पर सभी रिफंड ऑटोमैटिक दिए जाएंगे. साथ ही पांच से पंद्रह दिसंबर के बीच यात्रा के लिए रीशेड्यूलिंग या कैंसिलेशन चार्ज माफ किए जाएंगे. एयरलाइन का कहना है कि नेटवर्क और सिस्टम को रीबूट करने के लिए शनिवार को कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. अब संचालन में सुधार दिखना शुरू हो गया है.

विपक्ष ने घेरा सरकार को, चिदंबरम बोले मोनोपोली मॉडल को बढ़ावा दे रही सरकार
संकट को लेकर विपक्ष ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि सरकार मोनोपोली मॉडल को बढ़ावा दे रही है और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने कहा कि यह स्थिति पिछले डेढ़ साल से बन रही थी और DGCA को नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करना चाहिए था.

एयर सेक्टर में निगरानी और क्षमता निर्माण की जरूरत
इंडिगो संकट ने देश की एयर सर्विस व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया है. एक एयरलाइन पर अत्यधिक निर्भरता, क्रू मैनेजमेंट की खामियां और नियमों के अनुपालन में ढिलाई इस स्थिति के मुख्य कारण हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या और सीमित विकल्पों के बीच ऐसी घटनाएं भरोसे को कमजोर करती हैं. यह घटना एयर सेक्टर में निगरानी और क्षमता निर्माण की जरूरत को भी स्पष्ट करती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !