Jharkhand News: झारखंड चेस अकादमी ने वन डे रैपिड चेस चैम्पियनशिप के दौरान कॉमनवेल्थ चेस चैम्पियनशिप 2025 मलेशिया में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वाले मास्टर अधिराज मित्रा को सम्मानित किया. अकादमी परिसर में हुए समारोह में उन्हें 100000 रुपये की पुरस्कार राशि और विशेष मोमेंटो प्रदान किया गया. यह सम्मान उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि और झारखंड की ओर से उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व के लिए दिया गया.
कार्यक्रम में दुश्यंत और एफएम अभिषेक दास मौजूद रहे. एफएम अभिषेक दास झारखंड चेस अकादमी के संस्थापक हैं और उन्होंने कहा कि अधिराज की सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी.
वन डे रैपिड चेस चैम्पियनशिप में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया. अंडर 15 वर्ग में आरव शरण चैम्पियन बने. अंडर 13 वर्ग में आरव भारती ने पहला स्थान हासिल किया. जूनियर वर्ग में वाणी कुमारी विजेता रहीं.
कार्यक्रम के दौरान अकादमी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा की. योजना के अनुसार आधिकारिक वैश्विक प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने वाले झारखंड के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पर 100000 रुपये. रजत पदक पर 75000 रुपये. और कांस्य पदक पर 50000 रुपये दिए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य भविष्य के अंतरराष्ट्रीय चेस सितारों को तैयार करना है.
अकादमी ने कहा कि वह झारखंड में चेस प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है.