Giridih: गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के जगसिमर निवासी 33 वर्षीय उपेंद्र यादव की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई। रविवार देर शाम उनका शव फतेपुर के आगे जमुनियाटांड़ के पास सड़क किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
शाम 4 बजे निकले थे घर से
जानकारी के अनुसार उपेंद्र यादव रविवार की शाम करीब 4 बजे बाइक से किसी काम से चतरो गए थे। परिजनों का कहना है कि शाम 6 बजे से वह लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इससे चिंतित होकर परिजन खोजबीन में निकले। तलाश के दौरान उन्हें जमुनियाटांड़ के पास सड़क किनारे उपेंद्र का शव मिलने की खबर मिली।
पुलिस जांच में जुटी, नहीं मिला कोई स्पष्ट सबूत
सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हालांकि लगभग 12 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस यह तय नहीं कर पाई है कि यह सड़क दुर्घटना है या साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस के अनुसार मौके से कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है, जिससे घटना का कारण स्पष्ट हो सके।
परिजनों में मातम
घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। उपेंद्र यादव तीन छोटी-छोटी बेटियों के पिता थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।