Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-08

Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ा, कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

Jharkhand Weather Update: सर्द हवाओं ने झारखंड में ठिठुरन बढ़ा दी है. राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री तक नीचे चला गया है. पिछले 24 घंटों में गुमला सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कांके में न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री और खूंटी में 5 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई इलाकों में घना कुहासा बढ़ने और पाला गिरने की आशंका जताई है.

सबसे ठंडा रहा गुमला
सबसे अधिक असर उत्तर के जिलों और पूर्वी सिंहभूम में देखा जा सकता है. रांची, गुमला, खूंटी, मेदिनीनगर, लोहरदगा, जमशेदपुर, बोकारो, सरायकेला, देवघर, कोडरमा, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम में रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा. राज्य में अधिकतम तापमान चाइबासा में 28 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम गुमला में 22.5 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब दो डिग्री कम चल रहा है.

न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
गुमला में 3.5, खूंटी में 5.0, मेदिनीनगर में 6.5, हजारीबाग में 6.5, रांची में 7.5, लोहरदगा में 7.5, बोकारो में 8.2, प. सिंहभूम में 8.5, कोडरमा में 9.2, जमशेदपुर में 9.6 और में देवघर 9.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

उत्तर की दिशा से आ रही हैं बर्फीली हवाएं 
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर की दिशा से आ रही बर्फीली हवाएं बिना रुके मैदानी हिस्सों से गुजरते हुए झारखंड पहुंच रही हैं. इसकी वजह से पश्चिमी जिलों जैसे गढवा, पलामू, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में अधिक सर्दी महसूस की जा रही है. अगले चौबीस घंटों में आंशिक बादल छा सकते हैं लेकिन मौसम पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा. साफ आसमान के कारण ठंड का असर जारी रहेगा.

रांची में पिछले 24 घंटों में 2.6 डिग्री की गिरावट
रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा 7.5 डिग्री पर आ गया. सर्द हवाओं से अधिकतम तापमान में भी करीब एक डिग्री की कमी आई और यह 22.9 डिग्री रहा. दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर घरों के अंदर अधिक महसूस हुआ. कई लोग धूप का आनंद लेने बाहर निकले.

मौसम विभाग रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक अगले चार दिनों तक ठंड की स्थिति में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. इस अवधि में उत्तर के हिस्सों में कुहासा और घना हो सकता है जिससे सुबह की कनकनी बढ़ जाएगी. तापमान में बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल कम है. 

आने वाले दिनों में कुहासा और ठिठुरन बढ़ेगी
झारखंड में तापमान तेजी से नीचे आने की मुख्य वजह उत्तरी हवाओं का लगातार बहना है. कई जिलों में पारा पांच डिग्री से भी नीचे जा रहा है जिससे सर्दी सामान्य से ज्यादा महसूस हो रही है. आने वाले दिनों में कुहासा और पाला बढ़ने से सुबह की ठिठुरन और तेज होगी. मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और फिलहाल राज्य को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !