Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. एमजीएम थाना क्षेत्र में छापामारी कर पुलिस ने एक युवक को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था.
गुप्त सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम बनाई गई. टीम ने तुरियाबेड़ा क्षेत्र में छापामारी कर राहुल महतो नाम के युवक को एक देशी कट्टा सहित पकड़ा. पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर में हथियार छुपाकर रखा था और गोली की व्यवस्था में जुटा था.
मुंबई में बारटेंडर काम करता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जुलाई 2025 में मुंबई के दादर स्थित एक होटल में बारटेंडर के रूप में काम करता था. वहीं उसकी पहचान करमा नाम के युवक से हुई थी. दोनों के बीच विवाद बढ़ा और करमा ने होटल प्रबंधन से शिकायत कर राहुल को नौकरी से निकलवा दिया. इसी रंजिश के कारण राहुल ने करमा की हत्या की योजना बनाई थी. उसने बिहार से अवैध देशी कट्टा खरीदा और अपने घर में छुपाकर रखा था. पुलिस को सूचना मिली और इससे पहले कि वह किसी वारदात को अंजाम देता उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पहले भी जा चूका है जेल
पुलिस ने घटनास्थल से एक लोहे से बना लकड़ी जड़ा देशी कट्टा बरामद किया है. आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. छापामारी में शामिल पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और अन्य कर्मी मौजूद थे.
त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित घटना पर लगाया अंकुश
यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि पुलिस की सतर्कता बड़ी घटनाओं को होने से रोक सकती है. आरोपी का आपराधिक इतिहास और अवैध हथियार की बरामदगी यह दर्शाती है कि इलाके में ऐसे तत्व सक्रिय हैं जो मामूली रंजिश को भी हिंसा में बदल सकते हैं. समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित हत्या की घटना को रोक दिया. पुलिस की यह कार्रवाई कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मानी जाएगी.