Jagarnathpur: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक गंभीर साइबर अपराध का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला को मोबाइल नंबर हैक करके ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना प्रभारी और साइबर टीम की कार्रवाई
थाना प्रभारी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई के तहत बिहार के औरंगाबाद जिले के कनकपुर निवासी मो. शमशेर अली उर्फ मो. शमशेर आलम (उम्र 39 वर्ष) को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन और उसमें मौजूद आपत्तिजनक तस्वीरें भी जब्त की गई हैं।
इस मामले में दूसरा आरोपी निसार अली अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मंगलवार को जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफाएल मुर्मू ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
क्या है पूरी घटना जानें
एसडीपीओ रफाएल मुर्मू ने बताया कि जगन्नाथपुर की एक युवती से बिहार का रहने वाला मो. शमशेर अली मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क में आया। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ गई। इसके बाद आरोपी ने युवती से शादी का वादा किया और दोनों के बीच वीडियो कॉलिंग भी होने लगी।
लेकिन नवंबर 2023 में आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। शादी न करने का कारण युवती के परिवार की ओर से मुंह मांगा दहेज था। जो युवती के परिवार वाले भी दे पाते। उसके बाद आरोपी का भाई निसार अली बिहार की एक अन्य लड़की से मो. शमशेर अली की शादी करवा दी। यह बात युवती से छुपाई गई।
युवती को दी धमकी
इसके बाद युवती और उसके परिवार को धमकाने के लिए आरोपी और उसका सहयोगी निसार अली सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। पोस्ट हटाने के लिए युवती के परिवार से 5 लाख रुपये की मांग की गई।
युवती ने जब इस ब्लैकमेल की शिकायत थाना में दर्ज कराई, तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की, और शमशेर अली को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि निसार अली की तलाश जारी है।
साइबर अपराधों हो रही लगातार वृद्धि
एसडीपीओ रफाएल मुर्मू ने कहा कि साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने निजी डेटा और मोबाइल नंबर की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों में पुलिस समय पर कार्रवाई करती है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।