Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा स्थित हरिजन बस्ती में बीती रात एक दुखद घटना सामने आई है। जहां 21 वर्षीय युवक प्रेम मुखी ने नशे की लत से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार प्रेम लंबे समय से नशे का सेवन कर रहा था और जब उसे नशे का सामना नहीं मिला, तो उसने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
युवक को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया
घटना के समय घर में कोई भी परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था। पड़ोसियों ने जब यह घटना देखी, तो उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचित किया। परिवार के सदस्यों ने युवक को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता प्रदीप मुखी ने क्या कहां जानें
मृतक के पिता प्रदीप मुखी ने बताया कि उनके इलाके में नशे की लत के शिकार युवाओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। विशेषकर ब्राउन शुगर और गांजा जैसी मादक पदार्थों का सेवन करने वाले युवा जब अपनी खुराक नहीं पाते, तो मानसिक रूप से परेशान होकर असामान्य व्यवहार करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी कई युवाओं ने इसी तरह की परिस्थितियों में आत्महत्या की घटनाओं को अंजाम दिया है।
इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है और लोगों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर किया है।