Jamshedpur News: जमशेदपुर में बजरंग दल महानगर इकाई के नेतृत्व में शौर्य सभा और शौर्य यात्रा का आयोजन किया जाना तय है. यह कार्यक्रम गीता जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. बजरंग दल की ओर से बताया गया है कि वर्ष 1992 में बाबरी ढांचा विध्वंस के दिन ही गीता जयंती थी, इसलिए उसी दिन को शौर्य दिवस के रूप में पूरे विश्व में मनाया जाता है.
जमशेदपुर महानगर में होने वाला यह कार्यक्रम कल आयोजित होगा. शौर्य यात्रा की शुरुआत बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर से होगी और यह तुलसी भवन तक जाएगी. यात्रा से पहले राम मंदिर बिष्टुपुर परिसर में शौर्य सभा आयोजित की जाएगी, जहां बलिदान देने वाले कोठारी बंधु और कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.
इस अवसर पर कार्यक्रम को झारखंड प्रांत के बजरंग दल संयोजक संबोधित करेंगे. बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता इस आयोजन में भाग लेंगे. बताया गया है कि शौर्य दिवस का यह कार्यक्रम देश भर में एक दिसंबर से 14 दिसंबर तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है.
बजरंग दल के अनुसार शौर्य दिवस हिंदू समाज की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के उपलक्ष में मनाया जाता है. कल जमशेदपुर के अलग अलग इलाकों से बजरंग दल के कार्यकर्ता शौर्य यात्रा में शामिल होंगे. इसके साथ ही हिंदू समाज के अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे.
कार्यक्रम का उद्घाटन दोपहर 2 बजे दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा. आयोजन को सफल बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद के सिंहभूम विभाग के मंत्री अरूण सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर के विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं.