Jharkhand Big News: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आया है. राज्य में पहली बार शहरी निकायों के चुनाव ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे. राज्य निर्वाचन आयोग ने ईवीएम उपलब्ध नहीं होने की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है.
जानकारी के अनुसार राज्य में नगर निकाय चुनाव दिसंबर से जनवरी के बीच प्रस्तावित हैं. चुनाव की तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी. इस बार राज्य के कुल 49 नगर निकायों में मतदान होना है, जिनमें 9 नगर निगम, 18 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत शामिल हैं.
- ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने के पीछे मुख्य वजह यह है कि ईवीएम बनाने वाली कंपनी ने नए ईवीएम उपलब्ध कराने के लिए करीब एक साल का समय मांगा है. वहीं पुराने ईवीएम की उपयोग अवधि पूरी हो चुकी है. दूसरे राज्यों से ईवीएम लेने का विकल्प भी नहीं बन पाया, क्योंकि वहां से भी मशीनें उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया गया.
- इसी कारण निर्वाचन आयोग ने बैलेट पेपर को ही व्यावहारिक विकल्प के रूप में चुना है. चुनाव प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद और वार्ड सदस्य के लिए अलग अलग रंग के बैलेट पेपर होंगे. प्रत्येक मतदाता को दो बैलेट पेपर दिए जाएंगे, जिन्हें अलग अलग बैलेट बॉक्स में डालना होगा.
- निर्वाचन आयोग के अनुसार बैलेट बॉक्स पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं और उनकी रंगाई पुताई का काम जारी है. बैलेट पेपर की छपाई इस बार रांची में ही कराई जाएगी, जबकि पहले यह काम कोलकाता में होता था. इसके लिए प्रिंटिंग प्रेस के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
ईवीएम की अनुपलब्धता के कारण लिया गया यह फैसला झारखंड के नगर निकाय चुनावों को ऐतिहासिक बना रहा है. बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण जरूर होगी, लेकिन आयोग ने समय रहते तैयारी शुरू कर संकेत दिया है कि चुनाव पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.