Chowka News: चौका थाना क्षेत्र के चौका गांव में एक जंगली हाथी ने रात के अंधेरे में ऐसा “विजिट” किया कि किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई. सुबह जब ग्रामीण घरों से निकले, तो गलियों और खेतों में हाथी के विशाल पैरों के निशान देखकर सब हैरान रह गए. हाथी ने गांव में घुसकर भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाया – न किसी मकान को छुआ, न फसल को चट किया, और न ही किसी शख्स को परेशान किया. जैसे कोई शरीफ मेहमान हो, जो बिना बताए आया और चुपचाप चला गया.
शांति से गांव के बीच से चलते बने
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी रात में शांति से गांव के बीच से गुजर गया. किसी को भनक तक नहीं लगी. लेकिन जब निशान दिखे, तो दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने राहत की सांस ली कि बड़ा हादसा टल गया, मगर भविष्य की चिंता भी सताने लगी. यह पहली बार हुआ है जब जंगली हाथी ने चौका गांव में दस्तक दी है.
बच्चों और बुजुर्गों को राते के समय घर से नहीं निकलने की सलाह
बच्चों और बुजुर्गों को घर में रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. वन विभाग को सूचना दे दी गई है, लेकिन ग्रामीणों के मन में सवाल है – अगली बार हाथी आएगा तो क्या होगा? क्या ग्रामीणों को वन विभाग से मदद मिलेगी, या वे खुद ही सतर्कता बढ़ाएंगे?