Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में देर रात रंगदारी से जुड़ी एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है. बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स के थर्ड फ्लोर पर रहने वाले नीतीश कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. इसके साथ ही फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ भी की गई.
एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज
पीड़ित नीतीश कुमार ने एमजीएम थाना में दर्ज शिकायत में बताया है कि आदित्यपुर निवासी अशोक कुमार मांझी, मानगो के दीपक गुप्ता और उनके साथ 10-15 अज्ञात लोगों ने रंगदारी नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया. नीतीश कुमार मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले हैं और पिछले सात वर्षों से साईं कॉम्प्लेक्स में रह रहे हैं.
अशोक मांझी लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था
नीतीश कुमार अपने फ्लैट से “एनके इंटरप्राइजेज” नामक कंपनी का संचालन करते हैं, जो ऑनलाइन माध्यम से हाइवा, पोकलेन और अन्य भारी वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करती है. उनका आरोप है कि पिछले 3-4 दिनों से अशोक मांझी लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था और जान से मारने व घर से उठवा लेने की धमकियां भी दी जा रही थीं.
स्कॉर्पियो और सफारी से पहुंचे थे आरोपी
रविवार शाम नीतीश साकची में आरोपी से मिलने गए थे, लेकिन किसी जरूरी काम के कारण मुलाकात नहीं हो सकी. कुछ ही घंटों बाद सोसायटी के लोगों ने उन्हें फोन कर बताया कि कुछ बदमाश उनके फ्लैट में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार बदमाश तीन बिहार नंबर की स्कॉर्पियो और एक झारखंड नंबर की सफारी गाड़ी से पहुंचे थे.
सभी बदमाश हथियार से लैस थे
पीड़ित के अनुसार सभी बदमाश हथियार से लैस थे और पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. एमजीएम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा.