Jamshedpur: जमशेदपुर से शिक्षकों और छात्रों को लेकर जा रही नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की एक बस सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना सुबह लगभग 7:30 बजे हाता चौक के पास हुई, जहां बस की चपेट में आने से साइकिल पर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई।
मृतक की पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार को बस करीब 20 फीट तक घसीटते हुए ले गई। मृतक की पहचान जुड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय परिमल गोप के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर थे।
घटना कैसे हुई जानें
जानकारी के अनुसार स्कूल बस गंगाडीह स्थित स्कूल परिसर से निकलकर हाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान परिमल गोप साइकिल से मजदूरी के लिए हांसल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह हाता चौक पहुंचे, तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस कुछ दूरी तक आगे बढ़ती रही, जिससे परिमल गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पोटका पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
मुआवजा की मांग
परिजनों का कहना है कि परिमल गोप अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनका एक 14 वर्षीय बेटा है और इस हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजा और परिवार को सहायता देने की मांग की है।