Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री और सेवन से जुड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कार्तिक महतो नाम के युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है. मामला मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि साउथ पार्क के पास गर्वमेंट कॉलोनी इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर का सेवन कर रहे हैं और उसकी खरीद बिक्री में शामिल हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया. शाम के समय की गई कार्रवाई के दौरान एक युवक को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ.
आरोपी आदित्यपुर का रहने वाला है
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान कार्तिक महतो उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है. वह सालडीह बस्ती हरि मंदिर के पास रोड नंबर बारह आदित्यपुर इलाके का रहने वाला बताया गया है. तलाशी के दौरान उसके पहने कपड़ों से बीस पुड़िया ब्राउन शुगर मिली. इसके अलावा मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई जो चोरी की बताई जा रही है.
आगे की कार्रवाई जारी
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी के नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
छापामारी दल
इस पूरी कार्रवाई में मनोज ठाकुर, आलोक कुमार दुबे, आकाश कुमार पाण्डेय, निरज कुमार, रंजीत यादव, सोनु कुमार, बिट्टू टुडु योगेश सिन्कु और भीम कुमार शामिल रहे.
कारोबार की जड़ तक पहुंचना जरूरी
बिष्टुपुर इलाके में नशीले पदार्थों की सक्रियता लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है. ब्राउन शुगर जैसे खतरनाक नशे की मौजूदगी शहरी युवाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रही है. पुलिस की यह कार्रवाई नशे के खिलाफ सख्त संदेश देती है लेकिन इस कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए निरंतर और व्यापक अभियान की जरूरत साफ दिखाई देती है.