Chaibasa: चाईबासा में जिला समाहारणालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने की। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, उपायुक्त और सभी विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद जोबा माझी के निर्देश जानें
सांसद जोबा माझी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए आवंटित फंड का उपयोग केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव नजर आने चाहिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा की और खराब पड़े चापाकलों को तत्काल दुरुस्त करने और ग्रामीण इलाकों में पाइपलाइन जलापूर्ति योजना में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लंबित सड़क निर्माण कार्यों पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई, जिस पर अधिकारियों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी गई। सदर अस्पताल सहित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता और स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल लोग
बैठक में चाईबासा विधायक सह मंत्री दीपक बिरुवा और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव निजी कारणों से उपस्थित नहीं हुए, जबकि अन्य जनप्रतिनिधि, जैसे विधायक निरल पूर्ति, जगत मांझी, सोना राम सिंकू और खुटी के सांसद काली चरण मुंडा शामिल हुए।