Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर क्षेत्र में पारिवारिक संपत्ति को लेकर दो सगी बहनों के बीच चला आ रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। माता-पिता की संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ यह मतभेद इतना बढ़ गया है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और एक-दूसरे को धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। मामले में दोनों बहनों ने एक-दूसरे के खिलाफ बिरसानगर थाने में अलग-अलग शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संपत्ति के बंटवारे को लेकर तनातनी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बिरसानगर सत्यनारायण मंदिर के पास रहने वाली किरण माधुरी और टुइलाडुंगरी की रहने वाली रजनी दास आपस में सगी बहनें हैं। लंबे समय से माता-पिता की संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी।
पहला पक्ष का कहना
किरण माधुरी का आरोप है कि रविवार को रजनी दास उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान संपत्ति को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते-ही-देखते हाथापाई में बदल गई। माधुरी का कहना है कि रजनी ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि रजनी अपने साथ कुछ अन्य महिलाओं को भी लाई थी और बस्ती में जमकर हंगामा किया गया।
दूसरा पक्ष का कहना
वहीं दूसरी ओर, रजनी दास का कहना है कि वह अपनी मां की संपत्ति में अपना हिस्सा मांगने मायके गई थी, जो उसका कानूनी अधिकार है। रजनी के अनुसार जब उसने संपत्ति की बात उठाई तो किरण लगातार टालमटोल करने लगी, इसी वजह से विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना के बाद दोनों पक्ष बिरसानगर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।