Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में फाटक गोलचक्कर के पास रेलवे ट्रैक से सटे इलाके में अचानक आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई. आग की लपटें तेज थीं और धुएं का घना गुबार दूर तक फैल गया, जिसे आसपास के इलाकों से भी देखा गया.
आग रेलवे ट्रैक के समीप लगी होने के कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोग और राहगीर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षित दूरी बनाए हुए नजर आए.
टायरों में आग लगने की आशंका
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने पहले ही फाटक गोलचक्कर के पास फुटपाथ से टायर दुकानों को हटवा दिया था. इसके बाद दुकानदारों ने अपने टायर रेलवे बाउंड्री के पीछे अस्थायी रूप से रख दिए थे. आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं टायरों में आग लगी.
दमकल विभाग मौके पर तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. टायरों में लगी आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.
राष्ट्रपति काफिले के मार्ग पर सतर्कता
गौरतलब है कि इसी मार्ग से सोमवार को राष्ट्रपति का काफिला करनडीह जाहेरथान की ओर जाएगा. घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
जांच और सुरक्षा बढ़ी
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो.