Dhanbad News: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से शनिवार की मध्यरात्रि चोरी हुआ नवजात शिशु धनबाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया था.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस सक्रिय हुई और अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई. नवजात की मां सरिता देवी ने बताया कि बच्चे के अपहरण के बाद पूरा परिवार सदमे में चला गया था. उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं. पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई की, उससे उनका बच्चा सुरक्षित वापस मिल सका. बच्चे के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली.
एसएसपी का अस्पताल दौरा
सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार स्वयं SNMMCH पहुंचे. उन्होंने नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती मां व परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम को समझा. बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया. एसएसपी प्रभात कुमार ने अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए अस्पताल परिसर की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए. सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश निकास व्यवस्था और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
एसएसपी ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. SNMMCH से नवजात चोरी की घटना ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि धनबाद पुलिस की तेज और प्रभावी कार्रवाई ने न सिर्फ एक परिवार को उसका बच्चा लौटाया बल्कि आम लोगों के बीच भरोसा भी मजबूत किया. यह मामला बताता है कि संवेदनशील मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई कितनी अहम होती है.