Jharkhand Sports News: वाराणसी के स्कॉलर पब्लिक स्कूल में 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित 33वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.
लीग मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन
लीग मुकाबलों में झारखंड की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया और अपने सभी मैच जीतकर पुल विजेता बनी. पहले मैच में टीम ने पश्चिम बंगाल को 25-21, 25-23 से हराया. दूसरे मैच में पुडुचेरी को 25-13, 25-14 से मात दी. तीसरे मैच में बिहार को 25-18, 25-16 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल का रोमांच
क्वार्टर फाइनल में झारखंड की बेटियों ने पंजाब को 25-11, 25-16 से हराया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया. सेमीफाइनल में मुंबई की टीम से कड़ा मुकाबला हुआ लेकिन झारखंड की टीम 14-25, 23-25 से हार गई और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने कहा कि सब-जूनियर वर्ग की बेटियों ने आत्मविश्वास और जुझारूपन के साथ खेला है. यह कांस्य पदक उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है और आने वाले समय में यही खिलाड़ी झारखंड के लिए स्वर्ण पदक जीत सकती हैं.
टीम का यह प्रदर्शन राज्य के खेलों के लिए प्रेरणादायक
झारखंड की बालिका थ्रोबॉल टीम का यह प्रदर्शन राज्य के खेलों के लिए प्रेरणादायक है. युवा खिलाड़ियों ने संयम और टीम भावना के साथ अपने मैच खेले और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया. कांस्य पदक जीतने के बावजूद उनके आत्मविश्वास और खेल भावना से यह स्पष्ट होता है कि भविष्य में राज्य की बेटियाँ और बड़े मुकाम हासिल करेंगी.