Chandil News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लाखा स्थित बिहार स्पंज आयरन लिमिटेड (BSIL), वर्तमान संचालक वनराज स्टील के खिलाफ स्थानीय रैयतों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. मानीकुई क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं का कहना है कि कंपनी उनकी रैयती जमीन से होकर भारी वाहनों का परिचालन कर रही है, जबकि इसके लिए न तो उनकी अनुमति ली गई और न ही पूर्व में किसी प्रकार की वार्ता की गई.
आदिवासी महिलाओं का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन मनमानी तरीके से रैयती जमीन को सड़क मार्ग के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, जिससे जमीन को नुकसान हो रहा है. इसको लेकर सोमवार को आक्रोशित आदिवासी महिलाओं ने कंपनी तक आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया. ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे कंपनी के वाहनों की आवाजाही ठप हो गई.
महिलाओं की मांग
स्थानीय महिला सुशीला बेसरा ने बताया कि BSIL/वनराज स्टील प्रबंधन उनकी जमीन पर बिना अनुमति गाड़ियां चला रहा है, जिससे जमीन को नुकसान हो रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कंपनी को उनकी जमीन से वाहन चलाने हैं तो इसके एवज में उन्हें नौकरी दी जाए या फिर प्रतिमाह उचित किराया दिया जाए. महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों पर लिखित सहमति नहीं देता, तब तक किसी भी वाहन को जमीन से गुजरने नहीं दिया जाएगा.
प्रदर्शन जारी
आदिवासी महिलाओं का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी है, और उन्होंने साफ कर दिया है कि वे अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं.