Jamshedpur: नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर जमशेदपुर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। नए साल के जश्न के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही व्यापक रणनीति तैयार कर ली है। प्रमुख चौक-चौराहों, पर्यटन स्थलों और भीड़ संभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने साकची इलाके में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उनके साथ सीसीआर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, साकची और बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। अधिकारियों ने पैदल मार्च करते हुए साकची बाजार, आसपास की सड़कों और जुबली पार्क का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
सिटी एसपी ने बताया कि 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को शहर में भारी भीड़ जुटने की संभावना है, इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को भी तैयार रखा गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि 31 दिसंबर की शाम से लेकर पूरी रात और नववर्ष के दिन शहरभर में कुल 32 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
नववर्ष के अवसर पर पिकनिक स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए वहां भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से इन स्थानों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि छेड़छाड़, अवैध शराबखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नए साल का स्वागत संयम और जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की गई है।