Dumka Accident News: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग ने अपना एक जवान खो दिया. थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. वह सड़क पर लगे जाम को हटाने और यातायात बहाल करने में जुटे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें और एक अन्य कांस्टेबल को अपनी चपेट में ले लिया.
गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर से लगा था लंबा जाम
मिली जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा इलाके में गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई थी. इस दुर्घटना में ट्रक के चालक और सह चालक समेत कुल चार लोग घायल हो गए थे. हादसे की सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. ट्रकों की टक्कर के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद सब इंस्पेक्टर हेमंत भगत दोबारा घटनास्थल पर लौटे और सड़क जाम हटाने में जुट गए. इस दौरान उनके साथ कांस्टेबल देवकी प्रजापति भी मौजूद थे और दोनों मिलकर यातायात सामान्य करने का प्रयास कर रहे थे.
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मियों को कुचल दिया
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मियों को कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि सब इंस्पेक्टर हेमंत भगत की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
इलाके में शोक का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस महकमे में भी गहरा दुख देखा जा रहा है. ड्यूटी के दौरान एक अधिकारी की मौत ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है. यह हादसा दिखाता है कि कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी किस तरह हर पल जोखिम के बीच अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं. सड़क दुर्घटना के बाद हालात संभालना पुलिस की प्राथमिक ड्यूटी होती है, लेकिन तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग कई बार उनकी जान पर भारी पड़ जाती है. यह घटना सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन और आपात स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को फिर से सामने लाती है.