Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के लोगों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए इसे झारखंड के भविष्य से जोड़कर देखा है. उन्होंने कहा कि नया वर्ष केवल कैलेंडर का बदलाव नहीं है, बल्कि यह हमारे वीर पुरुखों के सपनों के सोना झारखंड को साकार करने की दिशा में एक अहम पड़ाव है.
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 को याद करते हुए कहा कि इसी साल झारखंड राज्य के निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और महान आंदोलनकारी रामदास सोरेन सशरीर इस संसार से विदा होकर प्रकृति की गोद में समा गए. उन्होंने कहा कि आज दोनों महान व्यक्तित्व प्रकृति की गोद से झारखंड को आशीर्वाद दे रहे हैं और उनके संघर्ष की विरासत ही राज्य की ताकत है.
झारखंड ने संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं से भरी लंबी यात्रा तय की
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं से भरी लंबी यात्रा तय की है. इस सफर में राज्य के नागरिकों की भूमिका निर्णायक रही है, खासकर आदिवासी, मूलवासी, किसान, श्रमिक, महिलाएं और युवा वर्ग ने झारखंड को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.
2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवा झारखंड का लक्ष्य पहले से अधिक स्पष्ट हो चुका है. 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड के निर्माण के संकल्प के साथ अबुआ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी रोजगार स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकार व सम्मान को प्राथमिकता देते हुए नीतियां लागू कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड रूपी विशाल वृक्ष की जड़ों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों के लिए एक साझा विजन के साथ युवा झारखंड आगे बढ़े और 2050 तक राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, यही सरकार का लक्ष्य है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी राज्यवासियों को दी नव वर्ष शुभकामनाएं
इधर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी राज्यवासियों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि नया साल झारखंड के लोगों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए, यही उनकी कामना है.
मुख्यमंत्री का संदेश विकास और भविष्य की दिशा तय करने पर केंद्रित
नव वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री का संदेश विकास और भविष्य की दिशा तय करने पर केंद्रित नजर आता है. 2050 तक के लक्ष्य और युवा झारखंड की बात यह संकेत देती है कि सरकार दीर्घकालीन योजना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दे रही है. वहीं राजनीतिक दलों की ओर से शुभकामनाएं राज्य में सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश के रूप में देखी जा सकती हैं.