Deoghar News: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दो दिवसीय देवघर प्रवास को लेकर पूरे जिले में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. वे रविवार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर दिल्ली से देवघर पहुंचेंगे. आगमन के साथ ही उनका कार्यक्रम आस्था और प्रशासनिक दायित्वों से जुड़ा रहेगा.
बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा करेंगे
देवघर पहुंचते ही मुख्य चुनाव आयुक्त द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा अर्चना करेंगे. इसके बाद वे शहर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर में भी दर्शन पूजन के लिए जाएंगे. धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत उनका काफिला सीधे एम्स देवघर के लिए रवाना होगा, जहां वे संस्थान का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक करेंगे. शाम के समय वे पुनः बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भव्य श्रृंगार पूजा में सम्मिलित होंगे.
कार्यक्रम के तहत बीएलओ से सीधा संवाद करेंगे
सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यक्रम भी तय है. सोमवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वे देवघर से दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे. वहां दर्शन पूजन के बाद लगभग 10 बजे दुमका के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे. अल्पाहार के बाद वे देवघर लौट आएंगे. देवघर में तपोवन स्थित मोहनानंद प्लस टू विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के तहत वे स्थानीय बीएलओ से सीधा संवाद करेंगे. इसके बाद वे मीडिया से भी बातचीत करेंगे.
जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर
मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. उनके आगमन से पूर्व उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने तपोवन पहाड़ सहित मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया. संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदाधिकारी के दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो.