Jamshedpur: एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास से जुड़ा एक वीडियो हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिसे लेकर भ्रामक दावे किए जा रहे थे। वीडियो में थाना प्रभारी को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेते और पैसे देते हुए दिखाया गया है, जिस पर कुछ लोगों ने गलत तरीके से टिप्पणी करते हुए थाना प्रभारी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे है।
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं, बल्कि दुर्गा पूजा के अष्टमी दिवस का है। उस दिन थाना प्रभारी सचिन कुमार दास अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत आमंत्रण पर एक धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्हें मंच पर सम्मानित भी किया गया था और वहां भजन कीर्तन का आयोजन चल रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी भजन-कीर्तन के एक हिस्से को काट-छांट कर हाल के दिनों में दोबारा सोशल मीडिया पर डाला गया, ताकि जानबूझकर गलत संदेश फैलाया जा सके और थाना प्रभारी की छवि को धूमिल किया जा सके। वास्तविकता में वीडियो का किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण से कोई संबंध नहीं है।
न्यूज़ 26 की पड़ताल में सामने आया है कि वीडियो को संदर्भ से अलग कर प्रस्तुत किया गया और उसे हालिया बताकर प्रचारित किया गया, जो पूरी तरह भ्रामक है। तथ्यों के सामने आने के बाद भ्रामक वीडियो के आधार पर चलाए गए खबर का न्यूज 26 खंडन करता है और इस भ्रामक वीडियो से यह साफ हो गया है कि एमजीएम थाना प्रभारी के खिलाफ फैलाया जा रहा प्रचार निराधार है और इसका उद्देश्य केवल गलत छवि बनाना है।