Trump Venezuela Control: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और उन्हें अमेरिकी वॉरशिप के जरिए अमेरिका ले जाए जाने के बाद दक्षिण अमेरिकी देश की सत्ता को लेकर स्थिति बेहद असमंजसपूर्ण हो गई है. इस घटनाक्रम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वेनेजुएला के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला में सुरक्षित और उचित सत्ता हस्तांतरण होने तक अमेरिका खुद इस देश का प्रशासन संभालेगा.
वेनेजुएला में अमेरिकी उपस्थिति पहले से स्थापित है: डोनाल्ड ट्रंप
फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तब तक वेनेजुएला की बागडोर अपने हाथ में रखेगा, जब तक वहां सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती. उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी उपस्थिति पहले से स्थापित है, हालांकि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. ट्रंप ने यह भी कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति से देश को फिर से महान बनाने को लेकर बातचीत की है.
आपराधिक मुकदमे चलाए जाएंगे निकोलस मादुरो पर
निकोलस मादुरो को अमेरिका ले जाए जाने के बाद वहां उन पर आपराधिक मुकदमे चलाए जाएंगे. अमेरिका की ओर से मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें मादुरो लगातार खारिज करते रहे हैं. लंबे समय से चले आ रहे दबाव और प्रतिबंधों के बाद अमेरिकी सेना की यह कार्रवाई वेनेजुएला जैसे तेल समृद्ध देश पर नियंत्रण के तौर पर देखी जा रही है.
अभियान का मुख्य उद्देश्य तानाशाह मादुरो को न्याय के कटघरे में लाना
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पूरे अभियान को अत्यंत सफल बताया है. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन सभी के लिए चेतावनी है, जो अमेरिकी संप्रभुता को चुनौती देने या अमेरिकी नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने की कोशिश करते हैं. ट्रंप के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तानाशाह मादुरो को न्याय के कटघरे तक लाना था. यह बयान अमेरिका की आक्रामक विदेश नीति की दिशा को भी दर्शाता है. इस पूरे घटनाक्रम पर वेनेजुएला सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि सरकारी टेलीविजन चैनलों पर काराकस में मादुरो समर्थकों के छोटे समूहों को विरोध प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया है. इससे संकेत मिलता है कि देश के भीतर तनाव की स्थिति लगातार गहराती जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीति पर गंभीर सवाल
मादुरो की गिरफ्तारी और ट्रंप के प्रशासन संभालने संबंधी बयान ने वेनेजुएला को वैश्विक राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया है. एक संप्रभु देश के प्रशासन को लेकर किए गए इस तरह के दावे अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीति पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि वेनेजुएला में सत्ता का संतुलन किस दिशा में जाता है और वैश्विक शक्तियां इस पर कैसी प्रतिक्रिया देती हैं.