bREAKING : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे का शव बरामद होने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। बच्ची का शव गाड़ीगांव इलाके के एक नाले से मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी गमगीन नजर आए।
रविवार से लापता थी मासूम, परिवार ने दर्ज कराई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार अदिति पांडे रविवार से लापता थी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने सदर थाना में इसकी सूचना दी थी। शिकायत मिलने के बाद रांची पुलिस बच्ची की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। घर के पास बड़ा नाला होने के कारण शुरुआत से ही हादसे की आशंका जताई जा रही थी।
परिजन और स्थानीय लोग लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए थे। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नाले से मिला शव
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान गाड़ीगांव स्थित एक नाले से बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
50 हजार इनाम की घोषणा के बाद भी नहीं मिला था सुराग
बच्ची के लापता होने के बाद रांची पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी। बावजूद इसके बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना महज हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।