Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-10-16

Bihar Elections 2025: ओवैसी ने बनाया नया मोर्चा, बिहार में 35 सीटों पर उतरेगी AIMIM

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने नया राजनीतिक मोर्चा बना दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने किशनगंज में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि एआईएमआईएम ने आजाद समाज पार्टी और स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी के साथ गठबंधन किया है. गठबंधन का उद्देश्य राज्य में सांप्रदायिक ताकतों को चुनौती देना बताया गया है.
अख्तरुल ईमान ने घोषणा की कि एआईएमआईएम 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. आजाद समाज पार्टी को 25 सीटें दी गई हैं, जबकि स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी 4 सीटों पर मैदान में उतरेगी. उन्होंने कहा कि तीनों दल मिलकर जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेंगे और चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे.

उन्होंने कहा कि गठबंधन की लड़ाई सत्ता हासिल करने से अधिक इंसाफ कायम करने की है. उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं और देर शाम तक सूची जारी कर दी जाएगी. सीमांचल क्षेत्र में पहले से मौजूद एआईएमआईएम के प्रभाव को देखते हुए इस मोर्चे का गठन राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

गठबंधन की घोषणा से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने आरजेडी नेतृत्व पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि आरजेडी का मौजूदा नेतृत्व दूरदर्शिता की कमी से जूझ रहा है. ओवैसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीतिक हालात में बड़ा तूफान आने वाला है और समय रहते विपक्ष को रणनीति बनानी चाहिए. उन्होंने याद दिलाया कि मजलिस ने पहले भी विपक्षी एकता की बात की थी, लेकिन उनकी बातों को महत्व नहीं दिया गया.

ओवैसी ने दावा किया कि चुनाव परिणाम आने पर साफ होगा कि एआईएमआईएम ने गंभीरता से विकल्प तैयार करने की कोशिश की है. नए गठबंधन के गठन के साथ सीमांचल से लेकर अन्य क्षेत्रों में सियासी समीकरण बदलने की संभावना बढ़ गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !