Bihar News : समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत ररियाही पंचायत के कुमैया गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 55 वर्षीय व्यक्ति करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह जोर-जोर से हल्ला करने लगा और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हजारों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि कुमैया गांव वार्ड संख्या 4 निवासी स्वर्गीय मेघन राय के पुत्र सुरेश राय अपने घर के पास स्थित एयरटेल टावर पर चढ़ गए थे। सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत और समझाइश के बाद सुरेश राय को नीचे उतरने के लिए मनाया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद जिला परिषद सदस्य कैलाशी दास, राजद नेता रामानंद राय, ग्रामीण अशोक राय, मुचकुन सिंह समेत कई लोगों और पुलिस के अनुरोध पर सुरेश राय सुरक्षित नीचे उतर आए।
नीचे उतरने के बाद मेडिकल टीम ने उनकी जांच की। जांच में उनकी स्थिति सामान्य पाई गई, जिसके बाद उन्हें पानी पिलाया गया।
भाई से विवाद और न्याय नहीं मिलने का आरोप
जानकारी के अनुसार सुरेश राय का अपने भाई झल्लू राय से लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले झल्लू राय के पुत्र की कथित प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या से मौत हो गई थी। इसके बाद से झल्लू राय अपने भाई सुरेश राय पर शक करते हुए विवाद करते रहे।
ग्रामीण अशोक राय ने बताया कि कुछ दिन पहले झल्लू राय ने सुरेश राय के घर में तोड़फोड़ की थी और मारपीट में सुरेश राय की एक आंख भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। दोनों पक्षों की ओर से थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
सुरेश राय का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस उनके भाई पर कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे परेशान होकर वह न्याय की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गए।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों का मामला दर्ज, जांच जारी
हलई थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व मेडिकल टीम को बुलाया गया। लगातार समझाने के बाद करीब दो घंटे में सुरेश राय सुरक्षित नीचे उतर आए।
उन्होंने कहा कि दोनों भाइयों के बीच घरेलू विवाद है और दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह टावर पर चढ़कर विरोध करना गलत संदेश देता है और इससे समाज में नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।