Chaibasa News: चाईबासा जिले के कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बार फिर गोलीबारी की गूंज सुनाई दी. टोंटो थाना क्षेत्र के दुर्गम रूटागुटू जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादी संगठन के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया. फिलहाल उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है. घटनास्थल से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
सुबह साढ़े चार बजे शुरू हुई मुठभेड़
सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि रूटागुटू के पहाड़ी और घने जंगल में माओवादियों का एक दस्ता छिपा हुआ है. इसके आधार पर कोबरा 209 बटालियन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जैसे ही जवान इलाके में आगे बढ़े, पहले से घात लगाए माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं.
दो दिनों से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, पिछले 48 घंटों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था. माओवादियों को इसकी भनक लग गई थी, जिसके बाद वे रूटागुटू जंगल में छिपकर जवानों का इंतजार कर रहे थे.
रमेश चांपिया हत्याकांड के बाद बढ़ी सक्रियता
हाल ही में पूर्व माओवादी रमेश चांपिया की हत्या के बाद से इलाके में माओवादी गतिविधियां बढ़ने की खबर मिल रही थी. खुफिया रिपोर्ट में यह भी संकेत मिला था कि कुख्यात माओवादी नेता मिसिर बेसरा का दस्ता फिर से सक्रिय हो रहा है.
बताया जा रहा है कि माओवादी अब बड़े समूह में नहीं, बल्कि छोटे-छोटे दलों में बंटकर छापामार रणनीति अपना रहे हैं, जिससे सुरक्षा बलों को ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके.
कोल्हान और सारंडा में हाई अलर्ट
मुठभेड़ के बाद पूरे कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षा बल ड्रोन और आधुनिक तकनीक की मदद से जंगलों में माओवादियों की तलाश कर रहे हैं.
इसके साथ ही इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई है और भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया गया है. फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां माओवादियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं.