Current News : नई NCERT पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच NCERT ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि छात्रों तक समय पर किताबें पहुंचाने के लिए वितरण व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। परिषद का दावा है कि देशभर में विभिन्न माध्यमों से पुस्तकों की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी छात्र को परेशानी न हो।
नई शिक्षा नीति के तहत जारी हो रही हैं नई किताबें
NCERT के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार किए गए नए पाठ्यक्रम के आधार पर पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। परिषद ने बताया कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र में कक्षा 9 के नौ विषयों की 90 लाख से अधिक पुस्तकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
कमी की शिकायतों पर नजर, लगातार हो रही समीक्षा
परिषद ने स्वीकार किया कि पाठ्यक्रम में बदलाव और नई पुस्तकों की मांग बढ़ने के कारण कुछ क्षेत्रों में अस्थायी कमी की स्थिति बन सकती है। हालांकि, NCERT का कहना है कि आपूर्ति और वितरण की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा जहां जरूरत है वहां अतिरिक्त प्रतियां भेजी जा रही हैं। परिषद ने भरोसा दिलाया कि सभी छात्रों तक समय पर किताबें पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।