Current News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले को लेकर राज्य की फडणवीस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द हो गई, जिससे करीब 6 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा रद्द हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के जिम्मेदार लोग खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि ईमानदारी से तैयारी करने वाले अभ्यर्थी इसकी सजा भुगत रहे हैं।
अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने की मांग
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, न कि अभ्यर्थियों को परेशान किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का एक वर्ष इस घटना के कारण प्रभावित हुआ है, उन्हें उम्र सीमा में छूट दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गलती संस्था की है, लेकिन सजा अभ्यर्थियों को मिल रही है, जो न्यायसंगत नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि यही अभ्यर्थी भविष्य में देश के शिक्षक बनेंगे और भारत का भविष्य उनके हाथों में है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने वर्षों तक तैयारी की, आवेदन शुल्क जमा किया और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन अब वे बिना नई परीक्षा तिथि और स्पष्ट जवाब के इंतजार करने को मजबूर हैं।
राहुल गांधी ने यह भी घोषणा की कि 17 जुलाई को देहरादून में वह छात्रों के साथ पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि अब समय शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने का है, ताकि युवाओं को सिस्टम की नाकामी नहीं, बल्कि अपनी मेहनत का उचित परिणाम मिल सके।