Current News : NEET-UG-2024 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने संजीव मुखिया को क्लीन चिट दे दी है. सीबीआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जांच में संजीव मुखिया की इस मामले में कोई भूमिका नहीं मिली.
सीबीआई ने बताया कि इस मामले की शुरुआत बिहार पुलिस की एफआईआर से हुई थी. उस एफआईआर में संजीव मुखिया का भी नाम था. बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई. जांच के दौरान सीबीआई ने पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की. अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ पटना की अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है.
बिहार पुलिस ने संजीव मुखिया को दूसरे मामलों में किया था गिरफ्तार
सीबीआई ने बताया कि जांच में पेपर चोरी करने वालों और चोरी किए गए पेपर का फायदा उठाने वाले लोगों की भी पहचान की गई. लेकिन संजीव मुखिया के खिलाफ इस मामले में कोई सबूत नहीं मिला.
सीबीआई के अनुसार, बिहार पुलिस ने संजीव मुखिया को दूसरे मामलों में गिरफ्तार किया था. बाद में सीबीआई ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान भी NEET-UG-2024 पेपर लीक मामले में उनकी संलिप्तता नहीं मिली. कोर्ट ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी है. हालांकि, दूसरे मामलों में दर्ज केस के कारण वह अभी भी जेल में हैं.