Deoghar News : देवघर नगर थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर और 1 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बरमसिया स्थित गांधी नगर निवासी बंटी महथा ब्राउन शुगर के धंधे में लिप्त है। इसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बिचकोड़िया स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में मिली ब्राउन शुगर और नकदी, नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं घर से नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े 1 लाख 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस जांच में इस धंधे में दो अन्य युवकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बंटी महथा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार समेत तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।