Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेड़ा प्रसाद की खरीदारी को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर मिलावटी पेड़ा बनाने के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान क्लब ग्राउंड के पीछे स्थित एक नवनिर्मित मकान से करीब 500 किलोग्राम संदिग्ध खोया बरामद किया गया, जिससे पेड़ा तैयार किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पेड़ा बनाने में रिफाइंड तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। विभाग ने संदिग्ध खोया और अन्य नमूनों को विस्तृत जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेज दिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग को रांची कार्यालय से गुप्त सूचना मिली थी कि श्रावणी मेला क्षेत्र में अवैध तरीके से पेड़ा तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध खोया बरामद हुआ। विभाग ने पूरे स्टॉक को जब्त कर संबंधित फर्म से जवाब-तलब किया है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि जब्त किए गए खोया के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।