Dhanbad News : आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर नरेंद्र सिंह चाहर के साथ आरपीएफ द्वारा कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में मंगलवार को धनबाद रेल मंडल के स्टेशन मास्टरों ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन (एआईएसएमए) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में करीब 50 स्टेशन मास्टर शामिल हुए।
काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व एसोसिएशन के केंद्रीय उपाध्यक्ष रमेश महतो, जोनल अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह, मंडल अध्यक्ष एस.के. राय, मंडल सचिव विकास कुमार और मंडल वित्त सचिव मोहम्मद ई. आलम ने किया। प्रदर्शन के दौरान सभी स्टेशन मास्टरों ने काला बिल्ला लगाकर घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
वक्ताओं ने कहा कि आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के साथ कथित अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार बेहद निंदनीय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं रेलवे कर्मचारियों की गरिमा और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन को ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार साव, मंडल सचिव सुनील कुमार सिंह, संगठन मंत्री बी.आर. सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों का भी समर्थन मिला। एआईजीसी के मंडल अध्यक्ष प्रमोद कुमार और मंडल सचिव विनोद कुमार ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम धनबाद, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (एसआर डीओएम) और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (एसआर डीपीओ) से मुलाकात कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।