Garhwa News: चिनिया थाना क्षेत्र में मोबाइल सिम को लेकर हुए विवाद में हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिनिया थाना क्षेत्र निवासी एकबाल अंसारी और अफजल अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से लोहे का बना एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है।
सिम वापस नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
चिनिया थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे दोनों आरोपी चिनिया निवासी पप्पू शाह के किराए के मकान में पहुंचे थे। वहां राजबांस गांव निवासी अवधेश यादव, पिता हिरामन यादव मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, अफजल अंसारी अपने सहयोगी एकबाल अंसारी के साथ देसी कट्टा और गोली लेकर अवधेश यादव के पास पहुंचा। आरोप है कि हथियार दिखाकर उसे धमकी दी गई कि अगर मोबाइल सिम वापस नहीं किया तो उसे उठा लिया जाएगा।
मानवीय सूचना और तकनीकी सहयोग से हुई गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।..
इसी क्रम में 3 सितंबर को चिनिया थाना क्षेत्र में कपिल साव की बाउंड्री वॉल के पीछे छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से एकबाल अंसारी और अफजल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा और 8 एमएम की जिंदा गोली बरामद की गई। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।