Giridih: जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के पथराटांड़ गांव के समीप गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। बालू लदे अज्ञात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई।
एक की मौके पर मौत, दूसरा रेफर
मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के बासबूटी गांव निवासी 35 वर्षीय मिट्ठू राय के रूप में हुई है। वहीं, 40 वर्षीय संतोष राय गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवरी पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मिट्ठू राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष राय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
वाहन जब्त, चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों में मातम, गांव में शोक
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।