Giridih News : डुमरी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता अपने छह मासूम बच्चों के साथ घायल हो गया। पीरटाँड थाना क्षेत्र के पालगंज के पास अज्ञात मोटरसाइकिल के अचानक चकमा देने से यह हादसा हुआ, जिसमें एक ही बाइक पर सवार सभी सात लोग सड़क पर गिर पड़े।
अज्ञात बाइक के चकमे से बिगड़ा संतुलन, सड़क पर गिरे सातों
हादसे में खुखरा निवासी 35 वर्षीय विनोद साव और उनके छह बच्चे 9 वर्षीय गुड़िया कुमारी, 12 वर्षीय संतोषी कुमारी, 7 वर्षीय कृति कुमारी, 2 वर्षीय अंकुश कुमार, 4 वर्षीय कोमल कुमारी और 5 वर्षीय अंकित कुमार घायल हो गए। बताया जाता है कि विनोद साव अपने बच्चों को लेकर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने अचानक चकमा दे दिया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसल गई।
राहगीरों ने दिखाई मानवता, सभी को अस्पताल पहुंचाया
घटना रात के समय हुई, जिसके कारण कुछ देर तक सभी घायल सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत एक टेम्पो रुकवाकर सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।