Giridih News : जिले के गावां थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में जोड़ासिमर निवासी करीब 50 वर्षीय सरयू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अनियंत्रित कार ने पहले लोगों को कुचला, फिर पेड़ से टकराई
जानकारी के अनुसार, सतगावां मुख्य सड़क पर जोड़ासिमर गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला और उसके बाद सड़क पार कर एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे में श्रीकांत सिंह, निरंजन सिंह और भीम राजवंशी घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सरयू सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर किया गया, जबकि एक का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा, सड़क जाम और पुलिस पर पथराव
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और सड़क जाम कर दिया। पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस वाहन पर पथराव भी किया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।