Godda Homeopathic College: झारखंड सरकार ने गोड्डा स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कॉलेज में 6 नए लेक्चररों की नियुक्ति की गई है, जिससे छात्रों को नियमित कक्षाएं और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
अब तक 10 शिक्षकों की हो चुकी है नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले भी कॉलेज में 4 लेक्चररों की नियुक्ति की गई थी. नई नियुक्तियों के बाद अब तक कुल 10 शिक्षकों की तैनाती हो चुकी है. सरकार का मानना है कि इससे लंबे समय से बनी शिक्षकों की कमी दूर होगी और अकादमिक गतिविधियों में तेजी आएगी.
सरकारी चिकित्सा संस्थानों को मजबूत करना लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल और होम्योपैथिक संस्थानों को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है और गोड्डा का यह कॉलेज हर हाल में बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित किया जाएगा.
डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि वह जल्द ही गोड्डा स्थित कॉलेज का दौरा करेंगे. इस दौरान भवन, संसाधनों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक सुधार के लिए निर्णय लिए जाएंगे.
पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज और अस्पताल का संचालन सुचारु रखा जाए. छात्रों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले तथा परिसर में पढ़ाई और प्रशिक्षण की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि संस्थान भविष्य में राज्य को बेहतर होम्योपैथिक चिकित्सक दे सके.