IPL 2026: IPL 2026 का 55वां मुकाबला आज हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत धर्मशाला स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान 7 बजे मैदान पर उतरेंगे। धर्मशाला इस सीजन पंजाब किंग्स का नया होम ग्राउंड बना हुआ है, जहां टीम घरेलू दर्शकों के सामने जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।
पंजाब की नजर नंबर-1 की कुर्सी पर
पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम ने अब तक 10 मैचों में 6 जीत हासिल की है, जबकि एक मैच रद्द रहा। 13 अंकों के साथ पंजाब फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद है। आज अगर टीम जीत दर्ज करती है तो सीधे पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच सकती है। ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब पूरी ताकत झोंकती नजर आएगी।
दिल्ली के लिए करो या मरो की जंग
वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच किसी परीक्षा से कम नहीं है। टीम ने इस सीजन 11 मुकाबलों में सिर्फ 4 जीत हासिल की है, जबकि 7 मैच गंवाए हैं। 8 अंकों के साथ दिल्ली फिलहाल आठवें स्थान पर है और प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसे हर हाल में जीत की जरूरत है। हार मिलने पर टीम का सफर लगभग खत्म हो सकता है।
धर्मशाला में दिखेगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
दोनों टीमों की स्थिति को देखते हुए आज का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। एक तरफ पंजाब जीत के साथ टॉप पर पहुंचना चाहेगी, तो दूसरी तरफ दिल्ली अपनी साख और प्लेऑफ की उम्मीद बचाने के लिए पूरा दम लगाएगी। धर्मशाला की तेज पिच और ठंडे मौसम के बीच फैंस को चौके-छक्कों से भरा हाई-वोल्टेज मैच देखने को मिल सकता है।