कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मिनी नीलामी में बड़ा दांव खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ लिया। इस खरीद के साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अपने ही हमवतन तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हें इससे पहले 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।
केकेआर ने मारी बाजी
नीलामी के दौरान कैमरून ग्रीन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जबरदस्त बोली देखने को मिली। दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच चली लंबी प्रतिस्पर्धा के बाद आखिरकार केकेआर ने बाजी मार ली, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे हटना पड़ा। हालांकि, विदेशी खिलाड़ियों से जुड़े नीलामी नियमों के तहत ग्रीन पर खर्च की गई कुल राशि का एक हिस्सा बीसीसीआई के खिलाड़ी विकास कार्यक्रम में जाएगा। इसी वजह से इस सीजन में कैमरून ग्रीन को केकेआर से 18 करोड़ रुपये (लगभग 19 लाख अमेरिकी डॉलर) का वेतन ही मिलेगा।
कैमरून ग्रीन इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेल चुके हैं और अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। उनकी गेंदबाजी और विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें लीग का सबसे कीमती विदेशी खिलाड़ी बना दिया है।
वेंकटेश 7 करोड़ में शामिल हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में
वहीं दूसरी ओर केकेआर ने अपने ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया। दिलचस्प बात यह रही कि जिन वेंकटेश को पहले 23 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, उन्हें इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मात्र 7 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल कर लिया।