Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के साकची स्थित कब्रिस्तान के ठीक सामने एक क्वार्टर में गैस रिसाव की वजह से रविवार को अचानक आग लग गई. यह दुर्घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य रसोई में खाना बना रहे थे. जैसे ही गैस चूल्हे का नॉब ऑन किया गया, वहां से तेज लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया.
घर में मौजूद थे मेहमानों समेत 10 लोग
आग लगने के वक्त घर के भीतर परिवार और मेहमानों को मिलाकर लगभग 8 से 10 लोग मौजूद थे. किचन के नॉब से निकल रही आग इतनी भयावह थी कि उसे बंद करना मुमकिन नहीं हो पाया, जिसके कारण लपटें कमरों तक फैल गईं. गनीमत यह रही कि घर में मौजूद सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम
हादसे की जानकारी मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने तब तक खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे नाकाम रहे.
कीमती सामान जलकर हुआ राख
इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार का भारी नुकसान हुआ है और घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है. प्राथमिक तौर पर गैस चूल्हे के नॉब में तकनीकी खराबी या लीकेज को ही इस भीषण आग का मुख्य कारण माना जा रहा है.