Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर बन रहे पुल सह फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब तेज हो गया है. मानगो डिमना रोड में ब्लू बेल्स स्कूल से लेकर नदी के दूसरे छोर तक फ्लाईओवर का ढांचा अब साफ नजर आने लगा है. निर्माण एजेंसी के अनुसार, अगस्त 2026 तक डिमना रोड से गांधी घाट तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर इस पर वाहनों का परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है.
न्यू पुरुलिया रोड पर रात में रखा जा रहा गार्डर
परियोजना के तहत मानगो न्यू पुरुलिया रोड वाले हिस्से में गार्डर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है. यह सड़क काफी संकरी है, इसलिए यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए निर्माण कार्य केवल रात के समय किया जा रहा है. निर्माण एजेंसी के मुताबिक, रात में केवल एक ही गार्डर लगाया जा पा रहा है, जिसके कारण इस पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग दो महीने का समय लग सकता है.
252 करोड़ की लागत और 57 पिलर का ढांचा
लगभग 252 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पूरा फ्लाईओवर कुल 57 पिलरों पर आधारित होगा. इसमें डिमना रोड की ओर चार लेन और न्यू पुरुलिया रोड की ओर दो लेन का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है. निर्माण एजेंसी ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी पर पिलर बनाने का मुख्य कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में वर्कर्स फ्लैट की ओर दिन-रात निर्माण कार्य चल रहा है.
प्रशासनिक एनओसी और बिजली टावर की अड़चन
फ्लाईओवर निर्माण कार्य में तेजी के बीच कुछ तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं अब भी बनी हुई हैं. न्यू पुरुलिया रोड क्षेत्र के कुछ हिस्सों के निर्माण के लिए वन विभाग से अंतिम अनुमति (NOC) मिलना अभी बाकी है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है. इसके अलावा, हाथी-घोड़ा मंदिर के पास वर्कर्स फ्लैट के समीप स्थित एक हाईटेंशन बिजली टावर भी काम में रुकावट बना हुआ है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों से तालमेल बिठाया जा रहा है.