Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित कालिंदी रोड पर दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यहां हाउस नंबर 15 में रहने वाले लोकेश कुमार सिंह उर्फ “गब्बर” के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
कीमती गहनों के साथ नकदी भी ले उड़े
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर घर से करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। इनमें कान की बाली, गले का नेकलेस, नाक का झुमका समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोरों ने घर में रखे लगभग ₹25,000 नकद भी नहीं छोड़े।
इलाके में फैली सनसनी, लोगों में डर
दिन के समय हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है और हर कोई इस बात को लेकर चिंतित है कि जब दिनदहाड़े ऐसी वारदात हो सकती है, तो सुरक्षा कितनी मजबूत है।
पुलिस व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
कार्रवाई की मांग तेज
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल इस घटना ने कदमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।