Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र के मरारपाड़ा निवासी 36 वर्षीय भानु प्रताप साहू पिछले पांच दिनों से लापता हैं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना सोनारी थाना में दर्ज कराते हुए पुलिस से तलाश करने की अपील की है। गुमशुदगी की सूचना देने वाले मुन्ना साहू ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र भानु प्रताप साहू 15 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
पहले भी कुछ दिनों के लिए हो चुका है गायब
परिजनों के अनुसार भानु प्रताप साहू पूर्व में भी बीच-बीच में दो से तीन दिनों के लिए घर से गायब हो जाता था, लेकिन इस बार काफी समय बीत जाने के बावजूद उसके वापस नहीं लौटने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। लापता भानु प्रताप साहू की उम्र लगभग 36 वर्ष, कद करीब 5 फुट 5 इंच, रंग सांवला से काला है। उसके बाल, दाढ़ी और मूंछ हैं तथा वह अविवाहित है।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
सोनारी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को भानु प्रताप साहू के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल सोनारी थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।