Jamshedpur News: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान के पास मंगलवार शाम अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी. घायल युवक की पहचान हयातनगर रोड नंबर 5 निवासी इजहार हुसैन उर्फ पकौड़ी के रूप में हुई है. घटना के बाद लहूलुहान हालत में परिजनों ने उसे आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इजहार का आरोप है कि विक्की सिंह के साथ आरोपियों की पुरानी रंजिश चल रही है और वह विक्की का दोस्त है, इसी खुन्नस में उस पर हमला किया गया.
साजन मिश्रा और तौसीफ समेत 10-12 युवकों ने घेरा, मचाई अफरा-तफरी
पीड़ित के अनुसार, हमलावर डिमना बस्ती के रहने वाले हैं. साजन मिश्रा, इरशाद, वसीम और तौसीफ उर्फ "चिकना बच्चा" समेत करीब 10 से 12 युवकों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया. हमलावरों ने घातक हथियारों से लैस होकर उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और जान से मारने की नीयत से प्रहार किए. शाम के वक्त हुई इस हिंसक घटना से कब्रिस्तान रोड के आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.
उलीडीह पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल युवक का बयान दर्ज किया है और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है.