39 पूजा समितियों ने रखी अपनी बात
टिनप्लेट के मिथिला भवन में सेंट्रल जोन ए की बैठक हुई. इसमें 39 पूजा समितियों के प्रतिनिधि पहुंचे. बैठक की शुरुआत दीप जलाकर और मां दुर्गा की स्तुति से हुई. इसके बाद पूजा समितियों ने अपनी समस्याएं बताईं. लिट्टी चौक के पास जलभराव और खराब सड़क का मुद्दा उठाया गया. बिजली की कमी और विसर्जन मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग भी हुई. पूजा पंडालों के पास पेड़ों की छंटाई, पर्याप्त लाइट और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की बात कही गई. केंद्रीय समिति के महासचिव आशुतोष सिंह ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.
विसर्जन मार्ग पर भी रहेगा ध्यान
वेस्ट जोन ए की बैठक कदमा के रामनगर कम्युनिटी हॉल में हुई. इसमें 38 पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में कदमा के विसर्जन मार्ग को लेकर चर्चा हुई. यहां अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने की मांग की गई. भाटिया बस्ती चौक पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की बात भी उठी. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार और नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार मौजूद रहे. दोनों अधिकारियों ने पूजा समितियों से त्योहार को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की.
विसर्जन में देरी नहीं करने का भरोसा
पूजा समितियों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया. समितियों ने कहा कि विसर्जन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने की कोशिश की जाएगी. केंद्रीय समिति ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सबसे जरूरी है. इसके लिए पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार तालमेल रखा जाएगा. बैठकों में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों के अलावा स्थानीय थाना प्रभारी और कई अन्य लोग भी मौजूद रहे. समिति ने पूजा से पहले सभी जरूरी समस्याओं का समाधान कराने की बात कही है.