Jamshedpur News: जमशेदपुर में एनएच-33 और डिमना रोड की बदहाल स्थिति से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. सड़कें कई जगहों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, लेकिन अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया गया है. रोजाना हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि एनएच-33 पर एलिवेटेड कॉरिडोर और डिमना रोड पर मानगो से साकची के बीच फ्लाईओवर निर्माण कार्य की वजह से सड़कें खराब हुई हैं. निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से सड़कें जगह-जगह टूट गई हैं. डिमना रोड स्थित दरभंगा डेयरी के पास बड़े नाले का निर्माण भी चल रहा है, जिसके कारण सड़क काफी संकरी हो गई है. वहीं कई हिस्सों में सड़क धंस जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
दूसरी ओर एनएच-33 की हालत भी काफी खराब हो चुकी है. सड़क की मरम्मत हुए कई साल बीत चुके हैं, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं. खासकर बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी के साथ-साथ हादसों का भी डर बना रहता है.
जानकारी के अनुसार एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर की लंबाई 10 किलोमीटर से अधिक है, जबकि डिमना रोड फ्लाईओवर करीब ढाई किलोमीटर लंबा होगा. अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही दोनों सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा. ऐसे में फिलहाल लोगों को लंबे समय तक खराब सड़कों और जाम की समस्या से जूझना पड़ सकता है.