Jamshedpur: टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ंगाझार राधिका नगर में गुरुवार की सुबह चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, एक महिला अरविंद सहाय नामक व्यक्ति के घर में चोरी की नीयत से घुसी थी। महिला जब घर के भीतर लैपटॉप और अन्य सामानों पर हाथ साफ करने की कोशिश कर रही थी, तभी गृहस्वामी और स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को मौके पर ही धर दबोचा।
दो बच्चों के साथ पहुंची थी आरोपी महिला
हैरानी की बात यह रही कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने के लिए महिला के साथ उसके दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे। महिला को पकड़े जाने के बाद इलाके में काफी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है।
इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद राधिका नगर और आसपास के निवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर गहरा रोष और चिंता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि खड़ंगाझार और टेल्को के रिहायशी इलाकों में पुलिस की गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।